मुजफ्फरनगर, यूपी
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना तहसील के गांव बिराल निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग नत्थू सिंह का भरा पूरा परिवार है। पत्नी की 20 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। नत्थू सिंह अपने हाथों से दो बेटों और चार बेटियों का विवाह कर चुके हैं। एक बेटे की मृत्यु हो चुकी है, जबकि दूसरा बेटा सहारनपुर में सरकारी शिक्षक है। पिछले 5 माह से नत्थू सिंह वृद्धाश्रम में रहने को मजबूर हैं।
नत्थू सिंह ने बताया कि यह हालात तब बने, जब उन्हें रोटी भी नसीब होना मुश्किल हो गई। बेटे और पुत्रवधू के व्यवहार से आहत नत्थू सिंह ने बताया कि वह अपने हाथों से रोटी बनाते हैं और खाते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी करोड़ों रुपये की लगभग 18 बीघा जमीन की वसीयत प्रदेश के राज्यपाल के नाम कर दी है। वह अपने बेटे को अपनी संपत्ति से बेदखल कर चुके हैं।
बेटे की नालायकी से आहत बुजुर्ग नत्थू सिंह ने कहा कि वह अदालत में भी जज के सामने कह चुका है कि चाहे उसे गोली मार दी जाए। एक बिस्सा जमीन किसी को नहीं देगा।
समाज के सामने उन्होंने यह एक नजीर पेश की है। उन्होंने संपत्ति से बेटे को बेदखल कर आदर्श प्रस्तुत किया है, ताकि दूसरों की नालायक औलाद इस बात को समझ ले और प्रेरणा ले कि उनके साथ भी ऐसा हो सकता है।









