
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में फिर हिंसा का तांडव देखने को मिल रहा है। उपद्रियों ने 30 से ज्यादा घरों में आग लगा दी। हथियारबंद हमलावरों ने तीन लियांगमई नगा गांवों को निशाना बनाया। इस दौरान हमलावरों ने करीब 30 से ज्यादा घरों को आग के हवाले कर दिया गया, जब एक ग्रामीण गोली लगने से जख्मी हो गया। हिंसा के कारण इलाके में तनाव बढ़ गया है और लोग दशहत में हैं।
हालात को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), उसकी कोबरा इकाई और मणिपुर पुलिस के अतिरिक्त जवानों को इलाके में तैनात किया गया। सुरक्षा बलों ने गांवों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार, गोलीबारी करीब दोपहर 12:30 बजे तक जारी रही।
यह हमला सोमवार को कांगपोकपी के तैखांग कुकी गांव में हुई गोलीबारी के एक दिन बाद हुआ है। इस घटना में दो महिलाओं समेत तीन कुकी नागरिकों की मौत हुई थी, जबकि चार लोग घायल हुए थे। लगातार दो दिनों में हुई हिंसक घटनाओं ने क्षेत्र में तनाव और बढ़ा दिया है। पुलिस के मुताबिक, हमला मंगलवार सुबह करीब 4 बजे टापोन खुल्लेन, टापोन खुनौ और माकुई पिपुराम गांव में हुआ। हमलावरों ने पहले गोलीबारी की और इसके बाद कई घरों और अन्य संपत्तियों में आग लगा दी। सुरक्षा बलों के मौके पर पहुंचने के बाद भी कई घंटों तक रुक-रुककर गोलीबारी होती रही।












