
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश के कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने देश की आंतरिक सुरक्षा और रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को नमन किया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने पोस्ट में लिखा, “देश की आंतरिक सुरक्षा और रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर नमन। जय हिंद!” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर पुलिस कार्मिकों को ‘पुलिस स्मृति दिवस’ पर विनम्र श्रद्धांजलि। मातृभूमि की रक्षा व नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्राणों का उत्सर्ग करने वाले इन अमर बलिदानियों का शौर्य पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट निष्ठा सदैव राष्ट्र सेवा का पथ आलोकित करती रहेगी। जय हिंद।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने लिखा, “राष्ट्र सेवा और कर्तव्यनिष्ठा की सर्वोच्च मिसाल प्रस्तुत करने वाले सभी वीर पुलिसकर्मियों को पुलिस स्मृति दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव हमारी स्मृतियों में जीवित रहेगा। इन वीरों के परिवारों का धैर्य, साहस और त्याग भी पूरे राष्ट्र के लिए वंदनीय है। देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। जय हिंद!”
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर अन्य अनेक नेताओं ने भी अपने संदेशों में इन वीरों को श्रद्धांजलि दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आदि नेताओं ने भी श्रद्धांजलि दी है।











