एशियन पैरा गेम्स 2026 के चौथे दिन भारत के लिए मेडल्स की हुई बरसात

सुबह से ही अलग-अलग इवेंट्स में भारतीय खिलाड़ियों ने गोल्ड समेत तीनों रंग के मेडल जीते। मेंस शॉट पुट में जो कमाल देखने को मिला, वो सबसे अलग, सबसे खास और सबसे जबरदस्त साबित हुआ। मेंस F46 कैटेगरी में शॉट पुट में भारत के सचिन सरजेराव खिलाड़ी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं इसी कम्पटीशन के सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल पर भी भारत ने ही कब्जा किया।

आइची-नागोया गेम्स के चौथे दिन 21 अक्टूबर की दोपहर ये मुकाबला हुआ। F46 कैटेगरी में भारतीय स्टार सचिन खिलाड़ी शुरू से ही जीत के दावेदार थे। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने ही पिछले पैरा गेम्स में भी इस इवेंट का गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। ऐसे में वो अपने खिताब का बचाव कर रहे थे और इसमें उन्हें सफलता हासिल हुई. इसके अलावा सचिन ने पेरिस पैरालंपिक 2024 में सिल्वर मेडल जीतकर अपने करियर में एक और ऐतिहासिक पल जोड़ा था।

सचिन की ये जीत सिर्फ इसलिए खास नहीं थी कि उन्होंने गोल्ड मेडल जीता, बल्कि 15.87 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पैरा गेम्स का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। सचिन के साथ भारत की दावेदारी पेश कर रहे मोहम्मद यासर और परवीन ने भी मेडल अपने नाम किए। यासर ने अपने तीसरे थ्रो में 15.06 मीटर की दूरी के साथ सिल्वर जीता, जबकि परवीन ने 14.94 मीटर के साथ तीसरा स्थान हासिल किया और ब्रॉन्ज पर कब्जा किया। भारत की झोली में अब 12 गोल्ड मेडल हो चुके हैं।

SHARE