
टाइगर श्रॉफ पर हमले से पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान आमिर खान और अक्षय कुमार भी टारगेट पर थे, लेकिंन उनकी सुरक्षा घेरा कड़ा होने के कारण पहले टाइगर श्रॉफ को हिट किया गया। आरोपियों ने अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्षय कुमार के घरों की भी रेकी की थी, लेकिन कड़ी सुरक्षा के चलते योजना बदली गई। गैंगस्टर अनिल पंडित ने इन बड़े बॉलीवुड स्टार को टारगेट करने का निर्देश दिया था। शूटर्स ने चारों अभिनेताओं के घरों की रेकी कर वीडियो अनिल पंडित को भेजे थे।
इस मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई क्राइम ब्रांच ने हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। साथ ही इस केस में 4 नए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हरियाणा के सोनीपत के कुनाल (21) और सुमित (19) समेतउत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली राधा और आजमगढ़ की बबीता को भी गिरफ्तार किया गया है।
जांच में सामने आया है कि कुनाल ने अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस का इंतजाम किया था। इसके बाद राधा और बबीता के जरिए इन हथियारों को मुंबई में शूटर्स तक पहुंचाया गया था। दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को दिल्ली से मुंबई पहुंची और शूटर्स को पिस्टल मुहैया करवाए। इन चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर मुंबई पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया गया है।












