
महाराष्ट्र के पालघर में बाप ने कार खरीदने के लिए पैसे नहीं दिए तो बेटे ने ग्राइंडर से बाप का गला काट दिया। मृतक की पहचान मोहनलाल परमार 59 के रुप में की गई है. आरोपी बेटे का नाम मुकेश परमार है। वो 25 साल का है। पुलिस ने आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की ये घटना रविवार शाम 18 अक्टूबर को 5 बजे पालघर पूर्व के नवली रामनगर इलाके में स्थित उनके फ्लैट में हुई।
मुकेश पर आरोप है कि कार खरीदने के लिए पैसे देने को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने ग्राइंडर से अपने पिता का गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया। पुलिस ने गुजरात के भारूच से उसको गिरफ्त में ले लिया है। मोहनहाल परमार राजस्थान में पाली जिले के देसूरी के रहने वाले थे। मृतक मोहनलाल परमार मुंबई के दादर इलाके में बर्तन का कारोबार करते थे।
पिता से कार के लिए पैसों की मांग को लेकर बेटे का विवाद हो गया. कहासुनी के बाद आरोपी बेटा घर से बाहर निकला और पास की हार्डवेयर दुकान से टाइल काटने वाले इलेक्ट्रॉनिक ग्राइंडर मशीन खरीदकर ले आया। घर लौटकर उसने पिता का गला काट दिया।












