8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करेंगी बॉलीवुड स्टार ममता कुलकर्णी

8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में शिरकत करेंगी बॉलीवुड स्टार ममता कुलकर्णी

20 देशों की फिल्मों की एंट्री, 16 से 18 नवंबर तक आगरा में सजेगा अंतरराष्ट्रीय सिनेमा का महाकुंभ

ममता कुलकर्णी को मिलेगा ‘सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के पुरस्कार’, देश-विदेश की फिल्मी हस्तियां होंगी शामिल

आगरा,

ताजनगरी आगरा में ग्लैमर लाइव फिल्म्स एवं आईटीएचएम, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन 16 से 18 नवंबर 2026 तक विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जे.पी. सभागार में किया जाएगा। महोत्सव में बॉलीवुड स्टार ममता कुलकर्णी सहित देश-विदेश की कई नामचीन हस्तियां शिरकत करेंगी।

होटल पी.एल. पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता में फेस्टिवल के संस्थापक निदेशक एवं फिल्म लेखक-निर्देशक सूरज तिवारी ने बताया कि इस वर्ष लगभग 20 देशों से फीचर, शॉर्ट, डॉक्यूमेंट्री, एनिमेशन, म्यूजिक वीडियो और AI आधारित फिल्मों की एंट्री प्राप्त हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय जूरी द्वारा चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।

ममता कुलकर्णी सहित कई फिल्मी हस्तियां रहेंगी आकर्षण :

महोत्सव में बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी, अभिनेता ज्ञान प्रकाश, हेमंत पांडे, अभिनेत्री विभा रानी, प्रसिद्ध गीतकार सुधाकर शर्मा, संगीतकार एवं गजल गायक रंजन देबनाथ, फ्रांस से अभिनेत्री मरीन बोर्गो (Marine Borgo) तथा मॉस्को से अभिनेत्री पोलिना (Polina) विशेष रूप से शामिल होंगी।

फेस्टिवल संरक्षक रणजीत सामा ने बताया कि भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान के लिए ममता कुलकर्णी को ‘सरस्वती बाई दादा साहेब फाल्के पुरस्कार’ प्रदान किया जाएगा। अन्य फिल्मी हस्तियों को भी ‘दादा साहेब फाल्के सम्मान’ से नवाजा जाएगा। उन्होंने कहा कि महोत्सव में सामाजिक संदेश और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी फिल्मों को प्राथमिकता दी जाती है।

महोत्सव में अभिनेता ज्ञान प्रकाश अभिनय तथा गीतकार सुधाकर शर्मा गीत लेखन की मास्टर क्लास देंगे। रंजन देबनाथ की संगीतमय प्रस्तुति के साथ विदेशी कलाकार भी अपने अनुभव साझा करेंगे। अंतिम दिन विजेता फिल्मों और कलाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की फिल्म का होगा प्रदर्शन :

आईटीएचएम निदेशक प्रो. यू.एन. शुक्ला ने बताया कि सूरज तिवारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित प्रैक्टिकल फिल्ममेकिंग वर्कशॉप के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित फिल्म का विशेष प्रदर्शन भी महोत्सव में होगा। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी आयोजन की मुख्य संरक्षक रहेंगी।

आगरा में फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने की पहल :

नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल ने कहा कि चैंबर प्रदूषण रहित फिल्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए रोडमैप तैयार करेगा और शासन-प्रशासन से वार्ता करेगा। वहीं पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि चैंबर के माध्यम से इस इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने में पूरी ताकत लगाई जाएगी।

फेस्टिवल निदेशक सूरज तिवारी ने कहा कि हमारा उद्देश्य आगरा को पर्यटन के साथ अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के मानचित्र पर स्थापित करना और स्थानीय प्रतिभाओं को वैश्विक मंच प्रदान करना है।

प्रेस वार्ता में गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति :

प्रेस वार्ता में सूरज तिवारी, रणजीत सामा, प्रो. यू.एन. शुक्ला, मनोज बंसल, मनीष अग्रवाल, युवा उद्यमी शिवम शर्मा, महिला समाजसेविका जीनत जीशान, समाजसेवी कुलदीप पाठक, साहित्यकार श्रुति सिन्हा, लेखिका एवं शिक्षिका डॉ. कविता रायज़ादा, साहित्यकार वत्सला प्रभाकर, अध्यन्त फाउंडेशन के नीरज तिवारी एवं रेणु रावत तिवारी, फिल्ममेकर अंकित सारस्वत, जे.के. शर्मा, जितेश आशीवाल, ब्रज के शिव सिंह तथा पल्लवी महाजन , मनोज सिंह लंकेश, आरोही के अमित तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभी ने महोत्सव को आगरा की सांस्कृतिक पहचान, फिल्म उद्योग के विकास और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया। तीन दिवसीय आयोजन में अंतरराष्ट्रीय फिल्म प्रदर्शन, मास्टर क्लास, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भव्य पुरस्कार समारोह प्रमुख आकर्षण होंगे।

SHARE