कूनो नेशनल पार्क में चीतों के बाड़े के पास एक तेंदुए को टहलते देखा गया। यह तेंदुआ नामीबिया से लाए गए चीतों के लिए एक खतरा हो सकता है।
कूनो नेशनल पार्क में आठ चीते हैं। दो बड़े बाड़े में हैं, जबकि छह अब भी क्वारंटाइन बाड़ों में है। इन्हें कूनो नेशनल पार्क में मौजूद तेंदुओं से खतरा है। वन विभाग के अधिकारियों को चीतों के बाड़े के पास तेंदुआ टहलते नजर आया है। उन्होंने इसका वीडियो बनाया। तेंदुआ भी करीब 10-15 मिनट तक उनके वाहन के आगे-आगे बेखौफ चलता रहा।
चीतों के लिए खतरा इसलिए बताया जा रहा है क्योंकि ये चीते अफ्रीका के जिन जंगलों से लाए गए हैं, वहां तेंदुओं की बहुतायत है। वे सह-जीवन के लिए अभ्यस्त हैं। लेकिन यहां के तेंदुओं के साथ ऐसा नहीं है। वह चीतों पर हमला कर सकते हैं और उन्हें मार सकते हैं। इस वजह से तेंदुओं से चीतों को खतरा बताया जा रहा था। नामीबिया से आए एक्सपर्ट्स भी कह चुके हैं कि समय के साथ चीजें सुधरेंगी और तेंदुएं भी चीतों को स्वीकार कर लेंगे। हालांकि, चीतों के बच्चों को तेंदुओं से ज्यादा खतरा बताया जाता है।








