
मतदाता सूची में एक परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही पोलिंग बूथ पर रखने का निर्देश चुनाव आयोग ने दिया है। यूपी विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण से पहले निर्वाचन विभाग ने मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदाता सूची में एक परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही पोलिंग बूथ पर रहने का निर्देश दिया है। इसके लिए बीएलओ को जांच करनी होगी कि किसी परिवार का सदस्य दूसरे बूथ पर तो नहीं चला गया है। ऐसा होने पर संबंधित मतदाता से फार्म-8 भरवाकर उसका नाम परिवार के अन्य सदस्यों के साथ एक ही मतदेय स्थल पर रखने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
नए बनाए गए मतदेय स्थलों पर बीएलओ की तैनाती सुनिश्चित करने के साथ ही बूथ बदलने वाले मतदाताओं को इसकी लिखित जानकारी देनी होगी। बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं को उनके नए मतदेय स्थल के बारे में अवगत कराएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी निर्देश में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
मतदेय स्थल बदलने से प्रभावित मतदाताओं को उनके नए बूथ की जानकारी देने की जिम्मेदारी बीएलओ की होगी। इस काम का पर्यवेक्षण संबंधित सुपरवाइजर करेंगे, जबकि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे।









