मौसम विभाग ने 6 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया 

नई दिल्ली।

मौसम विभाग ने 6 राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी के साथ रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, असम, मेघालय, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। इन राज्यों में 19 जून तक तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। खासकर महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे, सतारा और रायगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां अगले 16 घंटों में अत्यधिक भारी वर्षा की आशंका है। गुजरात के भावनगर और अन्य तटीय इलाकों में भी भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और बिहार में दस्तक दे दी है। गुजरात में 20 दिन रुके रहने के बाद मानसून ने तेजी पकड़ी और अब यह राजस्थान की सीमा पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश में भी मानसून ने 19 जिलों को कवर कर लिया है, और छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटों में पूरे राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून बारिश के कारण 22 लोगों की मौत की खबर है, जिसके चलते प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।भारी बारिश के कारण दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति देखी गई है। दिल्ली में मंगलवार को 12 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा।

SHARE