
नई दिल्ली।
भारत चीन और भूटान की सीमा पर स्थित डोकलाम को पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कई युद्ध क्षेत्रों को पर्यटन के लिए जल्द ही खोलने की घोषणा की थी, जिसके बाद सिक्किम ने डोकलाम सहित 3 युद्ध क्षेत्रों क्षेत्रों को पर्यटकों के लिए खोलने की घोषणा की है। यह निर्णय सिक्किम राज्य के भू-राजनैतिक महत्व में वृद्धि लायेगा। डोकलाम की बात करें तो भारत, चीन और भूटान की सीमा पर स्थित यह क्षेत्र ऐतिहासिक रूप से भू-राजनीतिक तनाव का केंद्र रहा है।
केंद्र सरकार की नयी पहल ‘भारत रणभूमि दर्शन’ के तहत, सिक्किम का पर्यटन विभाग इस रणनीतिक क्षेत्र को ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता के आकर्षक मिश्रण के साथ एक अनोखे पर्यटन स्थल में बदलने की तैयारी कर रहा है। सिक्किम राज्य में 3 ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है जो जल्द ही पर्यटकों के लिए खोले जायेंगे। डोकलाम के अलावा, नाथूला दर्रा और चो ला भी पर्यटकों के लिए नये तरीके से खोले जायेंगे।
इसी वर्ष जनवरी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने “भारत रणभूमि दर्शन” शुरु करने की घोषणा की थी जिसके तहत भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य और बलिदानों को ध्यान में रखते हुए ऐतिहासिक सैन्य महत्व के क्षेत्रों को जनता के लिए खोला जा रहा है। यह कार्यक्रम ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामरिक महत्व वाले स्थलों को बढ़ावा देने के एक व्यापक प्रयास का हिस्सा है, जो नागरिकों को भारत के सैन्य अतीत से सार्थक रूप से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।







