नई दिल्ली।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को उनकी जयंती पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया, “आज उनकी जयंती पर, पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी को मेरी श्रद्धांजलि।”
40 वर्ष की उम्र में प्रधानमंत्री बनने वाले राजीव गांधी भारत के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री थे। देश में पीढ़ीगत बदलाव के अग्रदूत राजीव गांधी को देश के इतिहास में सबसे बड़ा जनादेश प्राप्त हुआ था। अपनी मां की हत्या के शोक से उबरने के बाद उन्होंने लोकसभा के लिए चुनाव कराने का आदेश दिया। उस चुनाव में कांग्रेस को पिछले सात चुनावों की तुलना में लोकप्रिय वोट अधिक अनुपात में मिले और पार्टी ने 508 में से रिकॉर्ड 401 सीटें हासिल कीं।
स्वभाव से गंभीर लेकिन आधुनिक सोच एवं निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता वाले गांधी देश को दुनिया की उच्च तकनीकों से पूर्ण करना चाहते थे। इक्कीसवीं सदी के भारत का निर्माण करना उनका मुख्य प्रयास था।
31 अक्टूबर 1984 को अपनी मां इंदिरा गाँधी की हत्या के बाद वे कांग्रेस अध्यक्ष एवं देश के प्रधानमंत्री बने थे। लेकिन व्यक्तिगत रूप से इतने दु:खी होने के बावजूद उन्होंने संतुलन, मर्यादा एवं संयम के साथ राष्ट्रीय जिम्मेदारी का अच्छे से निर्वहन किया।







