जबलपुर दूसरे स्थान पर और आगरा तथा सूरत को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला

नई दिल्ली।

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में इंदौर फिर बना नंबर एक, जबलपुर दूसरे स्थान पर और आगरा तथा सूरत को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला। दिल्ली के आईटीओ स्थित इंदिरा पर्यावरण भवन में आज “स्वच्छ वायु सर्वेक्षण पुरस्कार एवं वेटलैंड शहर सम्मान समारोह” का आयोजन हुआ। इस मौके पर देशभर के उन शहरों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने वायु गुणवत्ता सुधार, पर्यावरण संरक्षण और जल-संरक्षण में बेहतरीन काम किया है।

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि यह उपलब्धि शहरवासियों और जनप्रतिनिधियों की साझी मेहनत का नतीजा है। सूरत की नगर आयुक्त शालिनी अग्रवाल ने कहा कि लगातार टॉप 3 में बने रहना गर्व की बात है। आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर ने कहा कि लगातार तीसरी बार आगरा को यह सम्मान मिलना सही दिशा में किए जा रहे काम का प्रमाण है। वहीं, जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह ने इस पुरस्कार को शहर के नागरिकों को समर्पित किया।

समारोह में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने विजेताओं को बधाई दी और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि 2014 में देश में केवल 25 वेटलैंड साइट्स थीं जो अब बढ़कर 91 हो गई हैं। जल संरक्षण के लिए “अमृत सरोवर योजना” चलाई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि देश की 17 प्रतिशत आबादी को केवल 1.5 प्रतिशत मीठा पानी मिलता है, इसलिए जल संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

SHARE