जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं साने ताकाइची

साने ताकाइची जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं हैं।  यह एक ऐतिहासिक पल माना जा रहा है क्योंकि जापान की राजनीति में पहली बार किसी महिला को यह पद मिला है।

जापान की संसद के दो सदन होते हैं, उच्च सदन और निचला सदन। दोनों सदनों ने ताकाइची को बहुमत के साथ प्रधानमंत्री चुना है। उच्च सदन में उन्हें 125 वोट मिले, जो जरूरी बहुमत से केवल एक वोट ज्यादा था। निचले सदन में उन्हें 237 वोट मिले, जो जरूरी बहुमत से अधिक था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए ताकाइची को जीत की बधाई दी और कहा, ”साने ताकाइची, जापान की प्रधानमंत्री चुने जाने पर आपको हार्दिक बधाई। मैं भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। हमारे गहरे होते संबंध हिंद-प्रशांत और उसके बाहर शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण हैं।”

साने ताकाइची एक टीवी एंकर थीं और 1993 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जापान की निचली संसद की सदस्य बनीं। तब से वह लगातार अपने गृह क्षेत्र नारा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। 1996 में ताकाइची जापान की सत्ताधारी पार्टी, लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी  में शामिल हुईं।

पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के नेतृत्व में वह ओकिनावा और उत्तरी क्षेत्रों के मामलों की मंत्री रहीं। बाद में वह एलडीपी की नीति अनुसंधान परिषद की पहली महिला अध्यक्ष बनीं। 2022 से 2024 तक ताकाइची जापान की आर्थिक सुरक्षा मंत्री रहीं। इसके अलावा, वह आंतरिक मामलों की मंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक काम करने वाली मंत्री हैं।

जापान की संसद में एक अहम चुनाव के बाद प्रधानमंत्री चुना गया। यह चुनाव पुनः मतदान के जरिए हुआ था, जिसमें वह जीतकर जापान की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। 185 वोट मिलने पर उन्हें एलडीपी का नेता चुना गया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शिंजीरो को हराया, जिन्हें 156 वोट मिले। साने ताकाइची को जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के कार्यकाल के बाकी बचे हिस्से को पूरा करना होगा, जो सितंबर 2027 तक चलेगा।

SHARE