
गाजियाबाद।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और गुणवत्ता सुनिश्चित करना सभी हितधारकों की जिम्मेदारी है, ताकि देश का कोई नागरिक प्रभावी इलाज से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार देशभर में स्वास्थ्य और चिकित्सा ढांचे, संस्थानों और सेवाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है। सरकार की ये सभी पहल एक स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे रही हैं। लेकिन इसके साथ ही निजी क्षेत्र को भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने यशोदा मेडिसिटी के ‘सभी के लिए सस्ती और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं’ मिशन पर भरोसा जताया और कहा कि इससे न केवल स्थानीय बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने अस्पताल के हितधारकों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अनुसंधान और अन्य संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने की सलाह दी। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि चिकित्सा जिम्मेदारी के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाना भी स्वास्थ्य संस्थानों की प्राथमिकता होनी चाहिए।








