
नई दिल्ली।
दिल्ली में अगले 7 दिनों तक कड़ाके की ठंड रहने वाली है। साथ ही यूपी, बिहार, राजस्थान, हिमाचल में भी ठंड और बारिश का मौसम बना रहेगा। पिछले कुछ दिनों में पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। अब नई दिल्ली में अगले 7 दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। 28 जनवरी से 3 फरवरी तक ठंडी हवाएं, बादल और बार-बार छाने वाला कोहरा दिल्ली के मौसम पर हावी रह सकता है।
मौसम विज्ञान विभाग ने 31 जनवरी से फिर से बारिश की संभावना जताई है। तेज बारिश के चलते सुबह के समय का तापमान भी 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा, जिससे फिर से कंपकंपी बढ़ने वाली है। राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। यहां तेज बारिश के साथ ही 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा भी चलेगी।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में 1 फरवरी को कई जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में खतरनाक शीतलहर की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली में शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
रात और सुबह के समय कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है, 3 फरवरी तक हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, इसका असर विजिबिलिटी पर भी पड़ सकता है। जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार में भी आने वाले दिनों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।





