
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद अवैध रूप से रह रहे लोगों की पहचान कर उन्हें बाहर किया जाएगा। पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की सत्तारूढ़ सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध गतिविधियों और सिंडिकेट सिस्टम के खिलाफ सख्त कार्रवाई केवल भाजपा ही कर सकती है।
गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था फैली हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए उन्हें ‘हीरक की रानी’ बताया और कहा कि चुनाव में जनता उन्हें हटाने का फैसला करेगी।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए विकास फंड का सही उपयोग नहीं हुआ और इसे सिंडिकेट के जरिए हड़प लिया गया। भाजपा सरकार बनने पर हर पैसे का हिसाब लिया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री ने दावा किया कि यहाँ भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में बंद पड़ी फैक्ट्रियों को फिर से शुरू किया जाएगा और रवींद्रनाथ टैगोर के ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को साकार किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपए की सहायता दी जाएगी।





