न्यूजीलैंड करेगा भारत में 20 अरब डॉलर का निवेश, भारत के निर्यातित सामान पर न्यूजीलैंड में नहीं लगेगी कस्टम ड्यूटी

नई दिल्ली।

प्रमुख उद्योग संगठन एसोचैम ने सोमवार को भारत-न्यूजीलैंड व्यापार परिषद (INZBC) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को प्रभावी ढंग से लागू करना और दोनों देशों के व्यवसायों को नए अवसरों का पूरा लाभ दिलाना है।

एसोचैम ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि यह MoU दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक साझेदारी को नई मजबूती प्रदान करेगा। आने वाले वर्षों में बेहतर कनेक्टिविटी, लोगों के बीच संबंध और हवाई संपर्क को बढ़ावा देकर साझेदारी की पूरी क्षमता हासिल की जा सकेगी।

वर्तमान में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वस्तुओं का कुल व्यापार लगभग 1.3 अरब डॉलर तथा सेवाओं का व्यापार 634 मिलियन डॉलर है। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में इस व्यापार को 5 अरब डॉलर तक बढ़ाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। न्यूजीलैंड में रह रहे लगभग 3 लाख भारतीय इस साझेदारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

यह समझौता वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता और सप्लाई चेन में हो रहे बदलाव के बीच इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत की रणनीतिक विविधता को दर्शाता है।

SHARE