दिल्ली में अगले 48 घंटों में लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत, 28 से 30 अप्रैल तक बारिश का अनुमान 

नई दिल्ली।

दिल्ली में अगले 48 घंटों में लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत। मौसम विभाग ने यहां 28 से 30 अप्रैल तक बारिश का अनुमान लगाया है। मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

स्काईमेट के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक मजबूत चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है, जो धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। इसका असर दिल्ली समेत आसपास के क्षेत्रों में 30 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है।

उत्तर भारत के अन्य राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 28 अप्रैल को बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और ओडिशा में तेज हवाओं और बारिश का असर दिखाई देगा। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल से 1 मई के बीच तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी में 28 अप्रैल से 1 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ बारिश और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

SHARE