
नई दिल्ली।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारत के पीएम नरेंद्र मोदी को देश के सबसे बड़े सम्मान ‘बिन्तांग अदिपुर्ना ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ मेडल ऑफ ऑनर दिया है। इससे पहले सेशेल्स की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को वहां के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, 25 से अधिक देशों ने भी प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा है।
सेरेमोनियल रिसेप्शन के दौरान कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री मोदी को गले लगाकर उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी के औपचारिक स्वागत के लिए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्डेका (मर्डेका पैलेस) में सेरेमोनियल रिसेप्शन आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई एमओयू और द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने इंडोनेशिया के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात की। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से भी हाथ मिलाया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस्ताना मर्डेका (राष्ट्रपति भवन) में विजिटर बुक पर हस्ताक्षर किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने ऊर्जा, व्यापार, समुद्री सहयोग और रक्षा सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत-इंडोनेशिया की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई गति देने पर चर्चा की। बैठक में रक्षा और समुद्री सहयोग को और मजबूत बनाने, महत्वपूर्ण खनिजों, खाद्य सुरक्षा तथा डिजिटल अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।









