हांगकांग के वांग फुक कोर्ट के हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में आग लग गई जिसमें अभी तक 13 लोगों की मौत हो गई है। कॉम्प्लेक्स के आठ ब्लॉक्स में कुल दो हज़ार फ़्लैट्स हैं। हांगकांग की सरकार के मुताबिक़ वांग फुक कोर्ट में ये आग तकरीबन 2 बजकर 51 मिनट पर भड़की, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
स्थानीय मीडिया ने फायर सर्विसेज डिपार्टमेंट (एफएसडी) के हवाले से बताया है कि, भीषण आग में कई लोग फंसे हुए हैं। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने की कोशिश में जुटी हुई हैं। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से देखी जा सकती हैं।
घटनास्थल से सामने आई धुएं का घना गुबार और तेज लपटें दिखाई दे रही थी। आग बुझाने की कोशिश में जुटे फायरफाइटर्स और अफरा-तफरी में भागते लोग साफ नजर आ रहे थे।
शहर के ताई पो में आठ ब्लॉक वाले हाउसिंग कॉम्प्लेक्स वांग फुक कोर्ट में फायरफाइटर्स की टीमें आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं। लाइव फुटेज में तीन इमारतों से धुएं का गुबार निकलता देखा जा सकता है।






