
मुंबई के लालबाग इलाके में गणेशोत्सव के दौरान महागणपति पंडाल के बाहर देर रात करंट फैलने से दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली के करंट के चपेट में आने से 8 वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
फायर ब्रिगेड की टीम से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा करीब रात दो बजे हुआ। उस समय पंडाल के बाहर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी। इसी दौरान अचानक से करंट फैला और उसकी चपेट में दो लड़के और तीन लड़कियां आ गए। हादसे के बाद पांचों को भायखला के मसीना हॉस्पिटल लेकर जाया गया। यहां डॉक्टरों ने आठ साल की एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
एक घायल लड़की की हालत नाजुक होने के चलते उसको परेल के ग्लोबल अस्पताल भेजा गया। मसीना अस्पताल में भर्ती तीनों घायल गंभीर हालत में हैं। उनको आईसीयू में रखा गया है। अस्पताल में चार घायलों का इलाज किया जा रहा है। घायलों में 19 साल का किरण अकबर नाइक, 19 साल की तन्वी नरश हांडे, 19 साल के साहिल संदीप तारे और 12 साल की रूही सिंह शामिल हैं।
हादसे में जान गवाने वाली मासूम बच्ची की पहचान आठ साल की रागिनी यादव के रूप में की गई है। अधिकारियों ने बाद में हादसे में दूसरी मौत की पुष्टि की। ग्लोबल अस्पताल में भर्ती एक महिला ने भी चोटों के चलते दम तोड़ दिया। महिला की पहचान अभी सामने नहीं आई है।












