अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वीकार किया कि मिडटर्म चुनाव में ईरान युद्ध मुद्दे से रिपब्लिकन पार्टी को नुक्सान हुआ

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वीकार किया कि मिडटर्म चुनाव में ईरान युद्ध मुद्दे से रिपब्लिकन पार्टी को नुक्सान हुआ है। अब डेमोक्रेटिक पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों पर नियंत्रण हासिल करने की तैयारी में है। इससे ट्रंप के विधायी एजेंडे को चुनौती मिल सकती है।
एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि डेमोक्रेटिक पार्टी ऐसे विधेयक उनके पास भेजेगी, जिन्हें वह ‘बेतुका’ मानते हैं। उन्होंने कहा कि वह ऐसे विधेयकों को वीटो कर देंगे। मंगलवार को अमेरिका में मिडटर्म चुनाव संपन्न हुआ। शुरुआती नतीजों में राष्ट्रपति ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी साफतौर पर पिछड़ती दिख रही है। वहीं विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने दोनों सदनों में बढ़त बना ली है।

प्रतिनिधि सभा में कुल 435 सीटें हैं और सभी सीटों पर चुनाव हुए। शुरुआती रुझानों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी 147 सीटों पर आगे चल रही है। राष्ट्रपति ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी 88 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, सीनेट की 100 सीटों में से 35 पर चुनाव हुए। इनमें भी डेमोक्रेट्स आगे चल रहे हैं। सीनेट में बहुमत के लिए 51 सीटों की जरूरत होती है।

फिलहाल सीनेट में रिपब्लिकन के पास 53 सीटें हैं, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 45। इसके अलावा 2 निर्दलीय सांसद भी हैं, जो डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर काम करते हैं। इस तरह दोनों पक्षों के बीच सीटों का अनुपात 53-47 है।

SHARE