
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में आज 9 जुलाई 2025 को ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत 37 करोड़ पौधारोपण का नया रिकॉर्ड बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस ‘पौधारोपण महाअभियान-2025’ की शुरुआत अयोध्या और आजमगढ़ जिलों से करेंगे। इस विशाल कार्यक्रम के लिए राज्य भर की नर्सरियों और अन्य स्थानों पर कुल 52.43 करोड़ पौधे तैयार किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या और आजमगढ़ में पौधारोपण के साथ जनसंवाद भी करेंगे और कार्बन क्रेडिट योजना के तहत 7 किसानों को चेक भी वितरित करेंगे।
इसी दिन राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बाराबंकी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मेरठ और ब्रजेश पाठक लखनऊ में पौधे लगाएंगे। इसके अलावा, सभी कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और राज्य मंत्री अलग-अलग जिलों में जाकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधे लगाएंगे।
इस कार्यक्रम में 26 विभाग और लगभग 25 करोड़ नागरिक भागीदारी करेंगे। कार्यक्रम के तहत यूपी के सभी 18 मंडलों में पौधे लगाए जाएंगे, जिसमें सबसे अधिक पौधरोपण लखनऊ मंडल में होगा। हर विभाग को पौधरोपण का विशेष लक्ष्य दिया गया है। वहीं वन, वन्यजीव और पर्यावरण विभाग इस अभियान में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा और अकेले 14 करोड़ से अधिक पौधे लगाएगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस अवसर पर अटल वन, एकता वन, एकलव्य वन, ऑक्सी वन, शौर्य वन, त्रिवेणी वन और गोपाल वन जैसे विशेष नामों वाले वन बनाए जाएंगे।





