
भजनलाल की कारोबार-राजनीति का केंद्र रही दुकान पर हवेलीनुमा मकान बनकर तैयार हो गया है, जिसमें दिवाली के बाद गृह प्रवेश करने का कार्यक्रम है। इसी जगह से भजनलाल ने आढ़त का काम शुरू किया था और बाद में यह दुकान परिवार की राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन गई। आदमपुर विधानसभा सीट पर वर्ष 1967 में स्व. चौधरी भजनलाल ने पहली बार जीत दर्ज की थी। इसके बाद लंबे समय तक भजनलाल परिवार के सदस्य इस सीट से चुनाव लड़ते रहे।
हवेलीनुमा घर के निचले हिस्से में मीटिंग हॉल और ऑफिस बनाया गया है, जबकि ऊपर तीन मंजिलों पर रहने की व्यवस्था की गई है। बिश्नोई परिवार इसी घर में रहेगा। फिलहाल परिवार हिसार और दिल्ली स्थित अपने मकानों में रहता है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजनलाल के परिवार की आदमपुर में घर वापसी हो रही है। अब यहां बने नए घर का 11 नवंबर (बुधवार) को गृह प्रवेश समारोह होगा। दिवाली के बाद होने वाले इस कार्यक्रम के लिए भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई और उनके परिवार की ओर से समर्थकों व क्षेत्रवासियों को भावुक निमंत्रण भेजे जा रहे हैं।
कुलदीप ने लिखा है कि “जीवन में कुछ पल ऐसे होते हैं, जो केवल खुशी नहीं देते, बल्कि अपनों के साथ बिताए सुनहरे पलों, बुजुर्गों के आशीर्वाद और परिवार की एकजुटता को और भी मजबूत बनाते हैं। मेरे लिए ऐसा ही एक भावुक और यादगार अवसर है, जब मैं अपने नए आशियाने में आप सभी अपनों का स्वागत करने के लिए हृदय से उत्सुक हूं।”
कुलदीप ने लिखा “स्वर्गीय चौधरी भजनलाल जी की प्रेरणा, संस्कारों और आशीर्वाद से हमारे इस नए घर में एक नई शुरुआत होने जा रही है। पिताजी ने जीवनभर लोगों के प्रेम, विश्वास और रिश्तों को सर्वोपरि रखा। उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलते हुए मेरी भी यही भावना है कि हमारा घर सदैव अपनों के स्नेह, बड़ों के आशीर्वाद और खुशियों से महकता रहे।











