चंडीगढ़।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं को तोहफा दे दिया। अब हरियाणा की महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए मिलेंगे। इसकी शुरुआत 25 सितंबर 2025 को दीन दयाल उपाध्याय की जयंती पर होगी।
मुख्यमंत्री सैनी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि योजना के पहले चरण में उन परिवारों की महिलाएं शामिल होंगी जिनकी सालाना आय 1 लाख रुपए से कम है। बाद में धीरे-धीरे अन्य परिवारों की महिलाओं को भी इसमें जोड़ा जाएगा। योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जिनकी उम्र 23 साल या उससे अधिक है। इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों शामिल होंगी, लेकिन शर्त यह है कि महिला पिछले 15 साल से हरियाणा की स्थायी निवासी हो।
यदि किसी महिला को पहले से किसी अन्य सरकारी योजना के तहत 2100 रुपए से ज्यादा की राशि मिल रही है, तो उसे इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा। इसके अलावा, स्टेज-3 और स्टेज-4 कैंसर पीड़ित महिलाओं और 54 दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित महिलाओं को अगर पहले से पेंशन मिल रही है, तो उन्हें इस योजना का अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा।
परिवार में कितनी महिलाएं हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। क्योंकि प्रति परिवार पात्र महिलाओं की संख्या पर कोई सीमा नहीं होगी। यदि किसी परिवार में 10 महिलाएं हैं और वे सभी पात्रता की शर्तों को पूरा करती हैं तो सभी 10 महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा।





