
शिकोहाबाद/फिरोजाबाद।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख आयाम ‘गंगा समग्र’ के प्रांत संगठन मंत्री माननीय श्री विजय जी ने अपने प्रवास के दौरान क्षेत्र में पर्यावरण और जल संरक्षण की गतिविधियों को गति प्रदान की। इस प्रवास के क्रम में उन्होंने सामाजिक संस्था अगम सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष संतोष कुमार वशिष्ठ के आवास पर पहुँचकर संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
बैठक के दौरान मुख्य रूप से गंगा की सहायक नदियों की वर्तमान स्थिति और उनकी साफ-सफाई हेतु आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। श्री विजय जी ने कहा कि गंगा को निर्मल बनाने का संकल्प तब तक पूर्ण नहीं होगा जब तक हम उसकी सहायक नदियों के संरक्षण और स्वच्छता पर ध्यान नहीं देंगे। उन्होंने अगम सेवा फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में गंगा समग्र के विस्तार हेतु युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया।
अगम सेवा फाउंडेशन के अध्यक्ष संतोष कुमार वशिष्ठ ने श्री विजय जी को आश्वस्त किया कि संस्था सहायक नदियों के पुनरुद्धार और जनजागरण अभियान में अपनी पूरी शक्ति झोंक देगी।
इसके पश्चात, प्रवास के अगले चरण में फिरोजाबाद महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने अपने आवास पर प्रांत संगठन मंत्री श्री विजय जी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान समाज के विभिन्न वर्गों को गंगा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।





