अगम सेवा फाउंडेशन ने पेश किया बहुउद्देशीय डिजिटल पोर्टल; युवाओं-महिलाओं को रोजगार और जनसमस्याओं के समाधान का मिलेगा मंच

 

शिकोहाबाद:
क्षेत्र की अग्रणी सामाजिक संस्था अगम सेवा फाउंडेशन ने जनसेवा की दिशा में एक बड़ा डिजिटल कदम उठाया है। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष संतोष वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि फाउंडेशन का नया डिजिटल पोर्टल न केवल युवाओं और महिलाओं को स्वावलंबी बनाएगा, बल्कि आम जनता की समस्याओं के निराकरण का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा। यह पूरी पहल उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व उपमुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद, मार्गदर्शक डॉ दिनेश शर्मा जी के सेवा भाव और मार्गदर्शन को समर्पित है।

युवाओं और महिलाओं के लिए अवसर:
संतोष वशिष्ठ ने बताया कि ‘सक्षम भारत योजना’ के अंतर्गत इस पोर्टल पर विशेष खंड बनाए गए हैं, जहाँ बेरोजगार युवा और महिलाएं अपना पंजीकरण कर सकती हैं। पोर्टल के जरिए महिलाओं को गृह उद्योग और अन्य कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़कर उन्हें घर बैठे रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। वहीं युवाओं को डिजिटल पहचान पत्र के साथ प्रशिक्षण और निजी क्षेत्र में नौकरियों से जोड़ा जाएगा।

जन समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण:
संस्था अध्यक्ष ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अक्सर आम जनता अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए परेशान रहती है। अब इस पोर्टल के माध्यम से लोग अपनी शिकायतें और जन समस्याएं सीधे दर्ज करा सकेंगे। फाउंडेशन की टीम इन समस्याओं को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुँचाने और उनके समाधान के लिए सेतु का कार्य करेगी।

डॉ दिनेश शर्मा जी के विजन को समर्पण:
संतोष वशिष्ठ ने कहा, “यह पोर्टल दिनेश शर्मा जी के उन आदर्शों को समर्पित है, जो सदैव अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा पर जोर देते हैं। उनके आशीर्वाद से ही हम तकनीक के माध्यम से सेवा को घर-घर तक पहुँचाने में सफल हो रहे हैं।” जल्द ही इस बहुउद्देशीय पोर्टल का भव्य शुभारंभ किया जाएगा, जिससे उत्तर प्रदेश सहित भारत के लाखों युवाओं को एक ही पोर्टल से डिजिटल समाधान मिल सकेंगे।

SHARE