अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों ने ट्रंप से युद्ध जैसी कार्रवाई खत्म करने की मांग की

अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों ने ट्रंप से युद्ध जैसी कार्रवाई खत्म करने की मांग की है। वोटिंग के दौरान चार रिपब्लिकन सांसदों ने भी डेमोक्रेट्स का साथ दिया, जिससे ट्रंप की पार्टी के भीतर बढ़ती बागवत भी सामने आई।

हालांकि व्हाइट हाउस ने कहा है कि इस प्रस्ताव का कोई कानूनी असर नहीं होगा और अमेरिकी सैन्य कार्रवाई पहले ही समाप्त हो चुकी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो UAE, बहरीन और कुवैत के दौरे पर पहुंच गए हैं।

इन देशों को आशंका है कि समझौते से होर्मुज स्ट्रेट में ईरान का प्रभाव बढ़ सकता है। साथ ही समझौते में ईरान के मिसाइल कार्यक्रम पर कोई स्पष्ट शर्त नहीं होने से भी सवाल उठ रहे हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका किसी भी अंतिम समझौते के तहत ईरान को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलने की इजाजत नहीं देगा।

UAE के दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि यह एक अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग है। किसी भी देश को अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ते पर टोल या शुल्क वसूलने की इजाजत नहीं है। मुझे भरोसा है कि क्षेत्र के अन्य देश भी इस बात से सहमत होंगे।

वहीं ईरान लगातार कहता रहा है कि होर्मुज स्ट्रेट पर उसका नियंत्रण बना रहेगा। मंगलवार को ईरान और ओमान ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि दोनों देश इस मार्ग की देखरेख और जहाजों से सेवाओं के बदले लिए जाने वाले शुल्क पर विचार करेंगे।

SHARE