
टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास के बाहर आधी रात को जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान टीएमसी और बीजेपी समर्थकों के बीच झड़प हुई. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने के आरोप लगाए हैं। खबर है कि इस दौरान कई लोग घायल भी हुए हैं. हालात को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर उनके समर्थक आवास के बाहर बैनर और पोस्टर लगा रहे थे। इसी दौरान उनकी स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। आरोप है कि कुछ लोगों ने लोहे की छड़ों और हॉकी स्टिक से भी हमला किया।
घटना के बाद पुलिस की बड़ी टुकड़ी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया। एहतियात के तौर पर सड़क के बीच बैरिकेडिंग भी की गई। रात करीब 2:30 बजे अभिषेक बनर्जी अपने समर्थकों के साथ आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी भी जारी रही। पुलिस ने अभिषेक बनर्जी से कहा है कि वो अपने घर के बाहर धरना न दें। अभिषेक ने उनके घर पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस घटना से एक दिन पहले ही अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। उन्होंने दावा किया था कि उनके आवास की निगरानी (सर्विलांस) की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके अगले ही दिन उनके घर के बाहर हमला हुआ।










