
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर हुई विस्फोट की घटना ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी। चौकी परिसर में रखी एक संदिग्ध वस्तु अचानक तेज आवाज के साथ फट गई। धमाके के दौरान वहां मौजूद एक डिलीवरी ब्वॉय कांच के टुकड़ों की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना के वक्त चौकी में एक उपनिरीक्षक भी मौजूद थे। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रहे हैं। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि आखिर चौकी के भीतर मौजूद वस्तु में विस्फोट कैसे हुआ और उसमें कौन सा पदार्थ या सामग्री इस्तेमाल की गई थी। फिलहाल विस्फोट की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले वैज्ञानिक जांच का इंतजार कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। आशंका जताई जा रही है कि एसी में ब्लास्ट या चौकी में रखे पटाखों में धमाके की वजह से घटना हुई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई है। धमाके की सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि चौकी के अंदर बरामद किए गए पटाखे भी रखे थे।









