
दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में BS-III और उससे पुराने पेट्रोल वाहन तथा BS-IV और उससे पुराने डीजल वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा दिल्ली में BS-IV और उससे पुराने डीजल से चलने वाले मध्यम मालवाहक वाहनों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। दिल्ली के बाहर पंजीकृत पुराने डीजल मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों को भी राजधानी में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, दिव्यांग व्यक्तियों के निजी इस्तेमाल के लिए अनुकूलित वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
GRAP-3 के तहत निर्माण और धूल फैलाने वाली गतिविधियों पर भी सख्ती की गई है. अधिकारियों को प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ये पाबंदियां संबंधित GRAP उपायों के लागू रहने तक जारी रहेंगी।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वीडियो संदेश जारी कर बताया कि दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में भी 5वीं कक्षा तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में होगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई के लिए उपलब्ध ऑनलाइन विकल्प का इस्तेमाल कर सकते हैं। बच्चे स्कूल जाकर पढ़ाई करें या घर से ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल हों, इसका फैसला अभिभावक या बच्चे कर सकेंगे। जहां ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है, वहां इसे सुनिश्चित करना होगा।
शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 382 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। यह स्तर गंभीर श्रेणी के करीब है. पर्यावरण मंत्री ने आशंका जताई कि शनिवार से हवा की रफ्तार कम होने के कारण प्रदूषक तत्व वातावरण में ज्यादा देर तक बने रह सकते हैं, जिससे प्रदूषण का स्तर और बढ़ सकता है।










