वाराणसी और नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज (31 अक्टूबर) वाराणसी से हरी झंडी दिखाएंगे

वाराणसी और नई दिल्ली के बीच नई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन सेवा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज (31 अक्टूबर) वाराणसी से हरी झंडी दिखाएंगे। इस सेवा के शुरू होने से वाराणसी और राष्ट्रीय राजधानी के बीच रेल संपर्क बेहतर होगा। साथ ही श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, पर्यटकों और कामकाजी लोगों को रात में आरामदायक और तेज सफर का विकल्प मिलेगा।

जनवरी 2026 में हावड़ा-गुवाहाटी कॉरिडोर पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेवा शुरू होने के बाद अब इसका विस्तार वाराणसी-नई दिल्ली मार्ग पर किया जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा प्रणालियों और आरामदायक स्लीपर बर्थ से लैस ये ट्रेनें लंबी दूरी की रात्रिकालीन यात्रा को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं।

वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से चलकर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। इन स्टेशनों के जरिए कई महत्वपूर्ण शहरी केंद्रों और आसपास के जिलों को आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। वाराणसी से ट्रेन रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नई दिल्ली से रात 9 बजकर 40 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।

यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को और नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी। लंबी दूरी की यात्राओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में आधुनिक तकनीक, ऊर्जा दक्षता और उन्नत सुरक्षा प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया है। ट्रेन का डिजाइन यात्रियों को आरामदायक माहौल देने के साथ परिचालन दक्षता बढ़ाने पर केंद्रित है।

SHARE