दीवाली पर खरीददारों को मिली राहत, एक ही झटके में चांदी 10 हजार रुपये और सोना 4200 रूपये गिरा

शुक्रवार रात करीब 8 बजे मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर अचानक हलचल तेज हो गई। देखते ही देखते दिसंबर फ्यूचर वाली चांदी करीब 5 फीसदी यानी 10 हजार रुपये टूट गई। इस बड़ी गिरावट के साथ चांदी 1,78,900 रुपये से 1.79 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गई. सोने का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा। MCX पर सोना 3 फीसदी यानी करीब 4200 रुपये गिरकर 1,38,250 से 1,38,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के दायरे में आ गया। पिछले एक साल में ये दोनों कीमती धातुओं का सबसे निचला स्तर है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन यानी IBJA की वेबसाइट पर भी नए रेट अपडेट हो गए हैं। यहां 24 कैरेट वाले 10 ग्राम शुद्ध सोने का भाव अब 1.40 लाख रुपये पर आ गया है। अगर आप गहने बनवाने के लिए 22 कैरेट सोना लेना चाहते हैं, तो इसका भाव 1.28 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो चुका है। वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत गिरकर 1 लाख 5 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है। दूसरी तरफ IBJA पर 999 शुद्धता वाली चांदी का भाव 1,81,344 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया है।

बाजार के जानकारों का मानना है कि रात के वक्त अचानक आई ये गिरावट बड़ी मुनाफावसूली का नतीजा है। लेकिन इसके पीछे अमेरिका से आए आर्थिक आंकड़े भी बड़ी वजह हैं। अमेरिका के जीडीपी आंकड़े उम्मीद से कहीं बेहतर रहे हैं। साथ ही वहां महंगाई अब भी बनी हुई है। इसके अलावा कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, मजबूत होते अमेरिकी डॉलर, बढ़ते यूएस ट्रेजरी यील्ड ने भी सोने पर भारी दबाव बनाया है।

SHARE