
भारत 12-13 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। वर्ष 2026 में यह समूह की अध्यक्षता करने का भारत का चौथा अवसर है। भारत की अध्यक्षता का मार्गदर्शक विषय “सुदृढ़शीलता, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण” है। यह थीम उपलब्धियों को मजबूत करने, संस्थागत प्रभावशीलता बढ़ाने तथा विकास, स्थिरता और नवाचार को BRICS के एजेंडे के केंद्र में रखने पर जोर देती है।
BRICS प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच आर्थिक नीतियों के समन्वय और ग्लोबल गवर्नेंस से जुड़े मुद्दों पर साझा दृष्टिकोण विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। निरंतर संवाद के जरिए यह बहुपक्षीय संस्थाओं में ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बना है। BRICS का एजेंडा विकास, वित्त, प्रौद्योगिकी, व्यापार और लोगों के बीच संपर्क जैसे व्यापक क्षेत्रों तक फैला है।
वर्तमान में BRICS में 11 देश—ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात—शामिल हैं। सामूहिक रूप से ये देश दुनिया की करीब 49.5% आबादी, वैश्विक GDP के करीब 40% और विश्व व्यापार के लगभग 26% का प्रतिनिधित्व करते हैं। समूह के विस्तार से इसकी भौगोलिक पहुंच एशिया, अफ्रीका, मध्य पूर्व और लैटिन अमेरिका तक बढ़ी है। इससे बड़े बाजारों, प्राकृतिक संसाधनों, तकनीकी क्षमताओं और अलग-अलग विकास अनुभवों को एक साझा मंच पर लाने का अवसर मिला है।
BRIC की औपचारिक स्थापना 2006 में ब्राजील, रूस, भारत और चीन के बीच राजनीतिक सहयोग के मंच के रूप में हुई थी। दक्षिण अफ्रीका के पूर्ण सदस्य के रूप में शामिल होने के बाद समूह का विस्तार हुआ और BRICS बना। इसके बाद समूह का एजेंडा विकास, वित्त, स्वास्थ्य, जलवायु कार्रवाई, प्रौद्योगिकी और व्यापार जैसे क्षेत्रों तक फैल गया। इससे उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग और संवाद के लिए BRICS एक व्यापक मंच के रूप में स्थापित हुआ।

BRICS के विस्तार का महत्वपूर्ण चरण जनवरी 2024 में शुरू हुआ, जब मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात पूर्ण सदस्य बने। इसके बाद जनवरी 2025 में इंडोनेशिया 11वें पूर्ण सदस्य के रूप में समूह में शामिल हुआ। विस्तार के साथ ‘पार्टनर कंट्री’ की नई श्रेणी भी बनाई गई। वर्ष 2025 के दौरान बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम इस ढांचे में शामिल हुए।
भारत ने 29 मार्च 2012 को नई दिल्ली में चौथे BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी की।फिर अक्टूबर 2016 में गोवा में आठवें BRICS शिखर सम्मेलन की पहली बार मेजबानी की। उसके बाद 9 सितंबर 2021 को 13वें BRICS शिखर सम्मेलन की वर्चुअल माध्यम से मेजबानी की। और अब चौथी बार BRICS की अध्यक्षता कर रहा है।








