मक्का-मदीना पर हुतियों का हमला, यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच बढ़ा तनाव

मक्का-मदीना पर हुतियों द्वारा किये गए हमले के बाद यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ गया है। शनिवार को सऊदी अरब ने कहा कि उसने हूतियों की ओर से दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, इन मिसाइलों का निशाना मक्का और मदीना क्षेत्र थे।

सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, मिसाइलों को रोकने के बाद उनका मलबा जेद्दा, ताइफ और राबिग समेत कई जगहों पर गिरा। मक्का के बाहर वादी मुगम्मास में भी मिसाइल के टुकड़े मिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि मक्का और मदीना क्षेत्रों में मलबा गिरने की घटनाओं से निपटने के लिए टीमें तैनात की गईं।

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने दावा किया कि संगठन ने शनिवार को सऊदी अरब के तेल ठिकानों और एयरपोर्ट पर हमले किए। इनमें यानबू में सऊदी अरामको का ठिकाना, राबिग तेल रिफाइनरी और रियाद का किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं।

हूतियों ने दमाम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नजरान के एक एयरपोर्ट और खमिस मुशैत के एयरबेस को निशाना बनाने का भी दावा किया। उनके मुताबिक, कच्चे तेल को पंप करने वाले स्टेशन और ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन भी निशाने पर थे। सऊदी अधिकारियों ने इन हमलों की तत्काल पुष्टि नहीं की। यह भी साफ नहीं है कि मिसाइलें अपने लक्ष्य तक पहुंचीं या उन्हें रास्ते में ही रोक दिया गया।

SHARE