
दिल्ली में केंद्रीय सचिवालय के नॉर्थ ब्लॉक में हो गया धुआं धुंआ, जिसकी सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नाॅर्थ ब्लाॅक की छत पे मरम्मत का कार्य चल रहा था।
अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 11:10 बजे नॉर्थ ब्लॉक से धुआं उठने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल की गाड़ियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान कहीं छोटी-मोटी आग लगी हो, जिससे धुआं उठा।
नॉर्थ ब्लॉक में केंद्रीय गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं। यह संसद भवन के नजदीक केंद्रीय प्रशासनिक क्षेत्र का अहम हिस्सा है। ऐसे में इमारत के पीछे से धुआं उठने की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां सक्रिय हो गईं। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।









