अमरोहा में तिगरी गंगा मेला की तैयारी, मेले के लिए चलेंगी 175 स्पेशल बसें 

अमरोहा में तिगरी गंगा मेला की तैयारी जोरों पर चल रही हैं। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 175 स्पेशल बसें चलाई जाएंगी। श्रद्धालुओं के लिए मुरादाबाद रीजन की 175 बसों का संचालन किया जाएगा।

एआरएम केसी गौड़ ने बताया कि अमरोहा समेत मुरादाबाद, पीतलनगरी, रामपुर, धामपुर डिपो की बसें तिगरी मेला के लिए चलेंगी।

मुरादाबाद से तिगरी, सम्भल से तिगरी, चंदौसी से तिगरी, धामपुर से तिगरी, नूरपुर से तिगरी, रामपुर से तिगरी के लिए सीधे बस संचालित होंगी। इसमें अमरोहा डिपो की 40 व अन्य डिपो से 135 बसों का संचालन किया जाएगा। जल्द ही किराया निर्धारण की कार्रवाई पूरी की जाएगी।

15 से 25 नवंबर तक बसों का संचालन मेला के लिए किया जाएगा। बसों के ठहरने के लिए मेला स्थल पर अस्थायी रोडवेज बस स्टैंड बनाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही अधिकारी जमीन का चिन्हांकन करेंगे।

इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 5 किलोमीटर की रेंज में तंबुओं का शहर बनाया जा रहा है, जिससे मेले आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की किल्लत नहीं होगी। इसी क्षेत्र में खाने पीने की दुकानें भी होंगी।

SHARE