
यूपी विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की मतगणना आज सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीसीटीवी कैमरे व वीडियोग्राफी की निगरानी में मतगणना कराई जा रही है।
11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज शाम तक होगा। 23 अक्टूबर को कुल 55 प्रतिशत मतदान हुआ था। बता दें कि काउंटिंग लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में 7 स्थानों पर होगी।
यूपी विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में 23 अक्टूबर को 55.24 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसमें गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर सर्वाधिक 79.01 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं स्नातक खंड सीटों में आगरा में सर्वाधिक 51 प्रतिशत वोट पड़े थे जबकि लखनऊ खंड स्नातक सीट में सबसे कम 38.02 प्रतिशत मतदान हुआ था।










